चम्बा
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास और लोक शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी का जिला चम्बा के लिए प्रवास कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मंत्री 14 से 19 अक्तूबर तक पांगी और भरमौर क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न विकासात्मक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
पांगी में रहेंगे दो दिन, मिंधल माता मंदिर और साच स्कूल का दौरा
विभागीय प्रवक्ता के अनुसार, 14 अक्तूबर को शाम 9 बजे मंत्री शौर (पांगी) पहुंचेंगे, जहां उनका ठहराव वन विभाग के अतिथि गृह में रहेगा। अगले दिन, 15 अक्तूबर को सुबह 9:30 बजे वे मिंधल माता मंदिर में दर्शन करेंगे और स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे साच स्थित कस्तूरबा गांधी स्कूल का निरीक्षण करेंगे और दोपहर 1:30 बजे कुलाल गांव के संपर्क मार्ग के भूमि पूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे।
बैठकें और फुल यात्रा मेला समापन समारोह में शिरकत
16 अक्तूबर को सुबह 10:30 बजे परियोजना सलाहकार समिति और दोपहर 1 बजे स्थानीय क्षेत्र विकास समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। शाम 5 बजे वे जिला स्तरीय फुल यात्रा मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
तीसा और भरमौर में निरीक्षण और समीक्षा बैठकें
17 अक्तूबर को मंत्री धरवास स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के भवन कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे तीसा पहुंचकर दोपहर 1 बजे बागवानी विभाग के शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
18 अक्तूबर को वे भरमौर के लिए रवाना होंगे और दोपहर 2:30 बजे अतिरिक्त आयुक्त कार्यालय में परियोजना सलाहकार समिति और स्थानीय क्षेत्र विकास समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
लेच पंचायत में सुनेंगे जन समस्याएं
19 अक्तूबर को सुबह 10 बजे मंत्री लेच पंचायत का दौरा करेंगे और लोगों की समस्याएं सुनने के बाद दोपहर 3 बजे कांगड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।

