जन समस्याओं को सही मंच तक पहुंचाने में मीडिया कर्मियों की भूमिका अहम

The-role-of-media-personnel.jpg

HNN/ चंबा

उपायुक्त डीसी राणा ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। प्रेस की लोकतंत्र, समाज के विकास व राष्ट्र के निर्माण में भूमिका महत्वपूर्ण है। उपायुक्त ज़िला प्रशासन द्वारा सकारात्मक पत्रकारिता में निरंतर सराहनीय योगदान और प्रयासों को लेकर चंबा प्रेस क्लब के तहत मीडिया कर्मियों के लिए 16 नवंबर, राष्ट्रीय प्रेस दिवस के कार्यक्रम की निरंतरता में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि रिपोर्टिंग में कई चुनौतियों के बावजूद भी मीडिया कर्मी जनहित में लगातार कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं को सही मंच तक पहुंचाने में मीडिया कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने यह भी कहा कि यह सम्मान समारोह राष्ट्रीय प्रेस दिवस कार्यक्रम की निरंतरता के तहत आयोजित किया गया है। उन्होंने प्रेस कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए विभिन्न सामाजिक और जनहित से संबंधित विषयों में निरंतर योगदान देने की बात भी कही।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीसी राणा ने प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्रेस कर्मियों को सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष योगदान देने के लिए ज़िला की प्रसिद्ध धातु शिल्प कलाकृति चंबा थाल भेंट कर सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण पराशर ने उपायुक्त डीसी राणा का स्वागत करते हुए चंबा प्रेस क्लब से संबंधित विभिन्न जानकारियां साझा की।