जमीनी विवाद को लेकर मारपीट में एक महिला जख्मी, मामला दर्ज
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर के घुमारवीं पुलिस थाना क्षेत्र के तहत सोई गांव में जमीनी विवाद को लेकर गाली-गलौज व मारपीट हुई है। पीड़ित परिवार से दूसरे पक्ष पर डंडे से सिर पर हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित परिवार की ओर से रवीना कुमारी पत्नी अतुल कुमार निवासी सोई ने कहा कि दिला देवी व पवन कुमार उनकी मुश्तरका जमीन से लकड़ी कटवाकर अपने घर ट्रैक्टर में ले जा रहे थे। जैसे ही वह उनके घर के सामने पंहुचे तो उनकी सास ने ट्रैक्टर रोककर लकड़ी वहीं फेंकने के बारे में कहा।
जिस पर वह दोनों सड़क पर आ गए तथा सास के साथ गाली-गलौज करने लग पड़े। ट्रैक्टर ड्राइवर ने लकड़ी वहीं उतार दी। जब उनकी सास सड़क से वापस घर आने लगी तो पवन कुमार ने उनको रोका।
उसी दौरान दिला देवी ने हाथ में लिए डंडे से उसकी सास के सिर पर हमला कर दिया। जिससे उनके सिर पर काफी चोट आई है। उधर, इस मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी जिला मुख्यालय मदन धीमान ने कहा कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।