Loading...

जमीनी विवाद में हरोली के भदसाली में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना

ऊना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां हरोली के भदसाली में जमीनी विवाद के चलते पिता और पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि भदसाली पंचायत की प्रधान के पति संजीव कुमार (51) और उनके बेटे रविंद्र (26) को बीच सड़क पर गोली मारी गई। घायल अवस्था में दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बारे में पंचायत प्रधान ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले उनके बेटे पर गोली चलाई। जब उनके पति घटनास्थल पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी गोलियां चला दीं। प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि घटना स्थल पर आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

एसपी राकेश सिंह ने बताया कि गोलीकांड के आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले में मृतकों के परिजनों और अन्य ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, और पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।