Loading...

जयराम ठाकुर बोले- बदले की भावना से काम कर रही कांग्रेस, हमने पाँच साल बिना किसी भेदभाव के….

SAPNA THAKUR 13 Dec 2022 Edited 13 Dec 1 min read

HNN/ शिमला

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहला बयान दिया है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बदले की भावना से काम करने के आरोप लगाए हैं। जयराम ठाकुर ने ट्वीट करते हुए कहा कि हमने पाँच साल बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा की, कभी बदले की भावना से प्रदेश में कोई काम नहीं किया। हमने कांग्रेस सरकार के किसी फैसले को नहीं पलटा, कोई विकास कार्य नहीं रोका, मगर अफसोस कि कांग्रेस सरकार ने बदले की भावना के साथ काम करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस ने अपना रिवाज जारी रखते हुए हमारी सरकार के फैसलों को रोकने और पलटने का काम शुरू कर दिया, जबकि अभी तो मंत्रिमंडल का भी गठन नहीं हुआ लेकिन बदले की भावना के साथ काम करने की शुरुआत हो गई। कहा कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, पुलिस स्टेशन, पुल, सड़क, पेयजल योजना इन सब कामों को लटकाने, अटकाने और भटकाने का काम शुरू हो गया है जिसके लिए जनता इन्हें कभी माफ़ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा बदले की भावना के साथ काम की शुरुआत अच्छी नहीं है। बता दें, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीते रोज़ राज्य के निगमों, बोर्डों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नामित सदस्यों और अन्य कमेटियों तथा शहरी निकायों में नामित सदस्यों की नियुक्तियां रद्द करने के निर्देश जारी किए। जयराम सरकार के कार्यकाल में अधिकारियों को दिया गया पुनर्रोजगार समाप्त कर दिया गया है, जबकि मेडिकल कॉलेजों को इससे अलग रखा गया है।

इसके साथ ही हिमाचल लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन आयोग को छोड़कर सभी राजकीय विश्वविद्यालय, सरकारी विभागों, बोर्ड-निगमों और स्वायत्त निकायों में चल रही सभी तरह की भर्ती प्रक्रिया को ठंडे बस्ते में डालने के निर्देश भी जारी किए।

Related Topics: