Loading...

जल्द ही खाते से लिंक करें आधार, नहीं तो बंद हो सकती है छात्रवृति

Ankita • 22 Jun 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

जिन छात्रों ने अभी तक अपने बैंक खाते को आधार से लिंक नहीं किया है वो जल्दी ही करवा लें, नहीं तो उनकी छात्रवृति खतरे में पड़ सकती है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने एससी केटेगरी से ताल्लुक रखने वाले विद्यार्थियों को प्री मेट्रिक तथा पोस्ट मेट्रिक छात्रवृति योजना का लाभ पाने के लिए 30 जून तक का समय दिया है। यदि इस अंतिम तिथि तक छात्रों ने अपने खाते को आधार से लिंक नहीं किया तो उनकी छात्रवृति बंद कर दी जाएगी।

बता दें कि शैक्षणिक सत्र 2022-23 के दौरान प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 7,652 और पोस्ट मैट्रिक योजना के तहत 6,243 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति जारी नहीं हुई है। इनके अलावा 2021-22 शैक्षणिक सत्र के 145 विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति जारी नहीं हुई है। वहीं 2021-22 सत्र के छात्रों के लिए खाते लिंक कराने की अंतिम तिथि 23 जून निर्धारित की गई है।

उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों, निजी और सरकारी स्कूलों-कॉलेजों के प्रिंसिपलों समेत विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और रजिस्ट्रार को आधार नंबर से बैंक खातों को जोड़ने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करने को कहा है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाले छात्रवृत्ति राशि को डीबीटी के माध्यम से सीधा विद्यार्थियों के बैंक खातों में दिया जाना अनिवार्य किया गया है। यदि विद्यार्थी समय रहते ऐसा नहीं करते हैं तो उनकी छात्रवृति बंद कर दी जाएगी।