जिला ऊना और कांगड़ा में चार जगह सीबीआई ने दी दबिश, यह है पूरा मामला….
HNN/ ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना और कांगड़ा में शुक्रवार को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने एक कंपनी द्वारा करोड़ों के फ्रॉड मामले में 4 जगह दबिश दी। इस दौरान सीबीआई ने लेन-देन और प्रॉपर्टी से जुड़े कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। सीबीआई ने बैंक से लोन फ्रॉड मामले में मैगमा ऑटो लिंक प्राइवेट कंपनी, उसके डायरेक्टर तुषार शर्मा, श्वेता शर्मा और अन्य के खिलाफ दिल्ली में एफआईआर दर्ज कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊना बेस्ड एक कंपनी ने साल 2017-18 में साजिश रची और मंडी के यूको बैंक से 9.85 करोड़ रुपए लोन लिया। यह लोन शोरूम बनाने, प्लांट और मशीनरी की खरीद तथा अन्य संबद्ध सामग्री के खरीद के लिए लिया था। इन पर आरोप है कि लोन की राशि से इन्होंने उक्त संपत्ति बनाने के बजाय बैंक से धोखा किया है।
यानी जिस मकसद से लोन लिया गया था, उस मकसद से इसका इस्तेमाल नहीं किया गया, बल्कि इसे दूसरे बैंक खातों में डायवर्ट किया गया। इसके आधार पर सीबीआई ने यह कार्यवाही अमल में लाई। जिससे सीबीआई ने इस मामले में प्रारंभिक जांच की। इसमें धोखाधड़ी के प्रमाण मिले है। इसके बाद ही सीबीआई ने आपराधिक मामला दर्ज किया है।