जिला ऊना में गर्मी और लू को लेकर प्रशासन की एडवाइजरी जारी, बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
तेज गर्मी और लू से निपटने के लिए उपायुक्त जतिन लाल ने जनता को किया सतर्क, सावधानी से बचाई जा सकती है जान
तेज धूप और लू से रहें सतर्क
जिला ऊना में लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि आने वाले दिनों में तेज गर्म हवाओं और लू की आशंका है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गर्मी से बचाव के उपायों को अपनाएं और सजग रहें।
लू से बचाव के लिए करें ये उपाय
- दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
- दिन भर बार-बार पानी पिएं, चाहे प्यास लगी हो या नहीं।
- सफर में पानी साथ रखें और हल्के, ढीले व सूती कपड़े पहनें।
- सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकें और चश्मा पहनें।
- अत्यधिक गर्मी में भारी कार्यों से बचें।
- हल्का भोजन करें और तरबूज, खीरा, नींबू, संतरा जैसे पानी वाले फलों का सेवन करें।
- मांस, मेवा जैसे भारी और गर्म भोजन से परहेज करें।
- लस्सी, छाछ, नींबू पानी, आम पन्ना जैसे घर के बने पेय का सेवन करें।
- बच्चों और पालतू जानवरों को पार्क किए वाहनों में न छोड़ें।
- घर को ठंडा रखें, पर्दे व शटर का उपयोग करें और रात को खिड़कियां खुली रखें।
- मौसम की जानकारी पर नजर रखें और अस्वस्थ महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से मिलें।
लू लगने पर तुरंत करें ये काम
यदि किसी को लू लग जाए तो तुरंत उसे छांव में ले जाएं और तंग कपड़े ढीले कर दें। ठंडे गीले कपड़े से शरीर पोछें या ठंडे पानी से नहलाएं। ओआरएस, नमक-चीनी का घोल या नींबू पानी पिलाएं। अगर व्यक्ति उल्टी करता है या बेहोश हो जाए तो उसे कुछ भी खाने-पीने को न दें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं।