जिला ऊना में पुलिस का अवैध शराब, वन अपराध और ट्रैफिक उल्लंघनों पर एक साथ शिकंजा, कई गिरफ्तार
जिला ऊना के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सख्त अभियान चलाकर अवैध शराब, वन संपत्ति की चोरी और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की है। इस दौरान 6 आरोपी गिरफ्तार हुए, अवैध शराब की 47 बोतलें बरामद हुईं और ट्रैफिक चालानों से भारी जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
एक दिन में अवैध गतिविधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
अवैध शराब मामले में 6 गिरफ्तार, 47 बोतलें बरामद
सदर, गगरेट, हरोली, मैहतपुर और अंब थाना क्षेत्रों में पुलिस ने छापेमारी कर बीआरए संतरा ब्रांड की देसी शराब की 47 बोतलें बरामद कीं। इस मामले में गगनदीप शर्मा, भुवनेश्वर, इरशाद, राशपाल सिंह, विनय कुमार और बिहारी लाल को गिरफ्तार किया गया है।
अंब में सड़क हादसा, कार चालक घायल
थाना अंब में एक सड़क दुर्घटना की शिकायत दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता गौरव भारद्वाज की कार को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी, जिससे वह घायल हो गया। उसका इलाज नारद अस्पताल होशियारपुर में चल रहा है।
वन संपत्ति की चोरी, लाखों की क्षति
वन विभाग की शिकायत पर एक गंभीर मामला सामने आया है जिसमें आरोपी अमित शर्मा उर्फ़ लक्की पर रपोहमिसरां जंगल से खैर के तीन पेड़ काटने और 5.21 लाख रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। उसके घर से खैर की 109 मौछें और 39 हार्डवुड जब्त किए गए हैं।
ट्रैफिक उल्लंघनों पर भारी चालान और जुर्माना
19 जुलाई को जिले में 597 ट्रैफिक चालान किए गए, जिनमें 2329 मामलों में मौखिक कार्रवाई कर ₹1,47,800 का जुर्माना वसूला गया। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले 14 लोगों पर भी चालान कर ₹1,400 की वसूली की गई।
पुलिस अधीक्षक ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों और नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
