Loading...

जिला कांगड़ा: भजन गा रहे व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 16 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / कांगड़ा

जिला कांगड़ा के राजा का तालाब क्षेत्र में भजन गा रहे एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या का मामला सामने आया है। यह घटना बनोली गांव में हुई, जहां 44 वर्षीय रछपाल काका, पुत्र मुंशी सिंह, भजन गा रहा था । इसी दौरान उसका पड़ोसी करनैल उर्फ छुनका, पुत्र शाली राम, निवासी बरमारा, मजग्रां वहां पहुंचा और तेजधार हथियार से रछपाल पर हमला कर दिया।

हमले में रछपाल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रछपाल ट्रैक्टर चालक था , जबकि करनैल गन्ने का जूस बेचने और अन्य छोटे-मोटे काम करता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी करनैल ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए डेढ़ किलोमीटर दूर बनोली गांव तक का सफर किया। घटना के बाद आरोपी ने जवाली थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। एसपी अशोक रत्न ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।