HNN/ चंबा
जिला चंबा में हिमालयन पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि द्रमण -सिहुंता-लाहडू -जोत -चंबा सड़क मार्ग को जल्द राष्ट्रीय उच्च मार्ग का दर्जा दिलाया जाएगा। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि द्रमण -सिहुंता-लाहडू – जोत-चंबा सड़क मार्ग को राष्ट्रीय उच्च मार्ग के तहत लाने की घोषणा के प्रस्ताव को जल्द मंजूरी प्रदान करवाई जाएगी।
आकांक्षी ज़िला चंबा में विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि ज़िला मुख्यालय के साथ सभी उपमंडल क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर टनल और रोपवे निर्माण के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने होली- उतराला और चंबा-तीसा -किलाड़ मार्ग में सुरंग निर्माण के लिए प्रयास करने की बात भी कही। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्र भटियात के सभी गांव को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए एक विशेष कार्य योजना के तहत व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जा रही है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
ज़िला में बेहतर विद्युत उत्पादन होने के बावजूद भी विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं के दृष्टिगत विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य विद्युत नीति में बदलाव लाने की बात भी कही ताकि आवश्यक उपकरण स्थापित कर विद्युत परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में एक-एक राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि अध्यापक और अभिभावक दोनों मिलकर बच्चों में ऐसे गुणों का सृजन करें, जोे भविष्य में उनके काम आ सकें।
कुलदीप सिंह पठानिया ने शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने हिमालयन पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक, चुवाड़ी को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group