जिला परिषद चुनाव में महिलाओं का दबदबा, करगाणु से रीतू बाला और नेरी कोटली से सरोज बाला विजयी
17 में से दो वार्डों के परिणाम घोषित, शेष नतीजों का इंतजार
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।
जिला सिरमौर में जिला परिषद चुनावों के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। अब तक घोषित दो वार्डों के नतीजों में महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर अपना परचम लहराया है। विकास खंड राजगढ़ के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र करगाणु और नेरी कोटली से रीतू बाला तथा सरोज बाला विजेता घोषित हुई हैं।
निर्वाचन क्षेत्र संख्या-16 करगाणु में हुए कड़े मुकाबले में रीतू बाला ने 8406 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी उमा कुमारी को 8040 मत मिले। रीतू बाला ने 366 मतों के अंतर से जीत हासिल की। इस वार्ड में कुल 16446 वैध मत पड़े, जबकि 364 मत अस्वीकृत हुए और 137 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।वहीं निर्वाचन क्षेत्र संख्या-17 नेरी कोटली में त्रिकोणीय मुकाबले के बीच सरोज बाला ने 4904 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
नीरज लता को 4444 तथा सुनीता जाल्टा को 3914 मत मिले। सरोज बाला ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरज लता को 460 मतों से पराजित किया। इस वार्ड में कुल 13262 वैध मत पड़े, जबकि 204 मत अस्वीकृत और 74 मत नोटा के पक्ष में दर्ज किए गए।राजगढ़ में सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने दोनों वार्डों के परिणामों की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
उल्लेखनीय है कि जिला सिरमौर के कुल 17 जिला परिषद वार्डों में से फिलहाल केवल दो वार्डों के परिणाम घोषित हुए हैं, जबकि शेष 15 वार्डों की मतगणना और परिणामों का इंतजार बना हुआ है। जिला भर की निगाहें अब आगामी नतीजों पर टिकी हैं, जिनसे जिला परिषद की नई तस्वीर साफ होगी।