जिला में उम्मीदवारों के चुनाव संबंधी व्यय की जांच व निरीक्षण कल से…
HNN/ बिलासपुर
जिला में उम्मीदवारों के चुनाव संबंधी व्यय की जांच व निरीक्षण 3 नवंबर ,7 नवंबर व 10 नवंबर 2022 को की जाएगी। यह जानकारी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिला बिलासपुर के लिए तैनात व्यय पर्यवेक्षक भरत आंधले ने यहां दी। भरत आंधले ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व एजेंटों के साथ व्यय संबंधी बैठक की। उन्होंने बैठक में चुनाव प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों द्वारा किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के व्यय संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने चुनाव प्रचार अथवा प्रचार के दौरान उपयोग किए जाने वाले वाहनों की अनुमति के संबंध में भी कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की उल्लंघना के बारे में यदि किसी को जानकारी देनी हो तो वह सर्किट हाउस बिलासपुर में उनसे संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए सभी का सहयोग नितांत आवश्यक है। उन्होंने सहायक व्यय पर्यवेक्षकों को भी इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक सजगता के साथ कार्य करें ताकि व्यय पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। चुनाव संबंधी जानकारी अथवा शिकायत के लिए भी उनके मोबाइल नंबर 6230941419 अथवा 7018539179 पर संपर्क किया जा सकता है।