Loading...

जिला में खांसी-जुकाम के बढ़ते जा रहे मामले, स्वास्थ्य विभाग ने लिया बड़ा फैसला

PRIYANKA THAKUR 5 Jan 2023 1 min read

HNN / सोलन

प्रदेश में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ऑमिक्रोन बीएफ .7 की आहट के बीच अस्पतालों में विभाग ने कोरोना सैंपलिंग तेज कर दी है। इतना ही नही अस्पतालों में इन दिनों खांसी, जुकाम, बुखार से ग्रसित मामले निरंतर बढ़ते ही जा रहे है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए तीन गुना कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए है।

अभी तक अस्पतालों में 25 सैंपल लिए जा रहे थे। लेकिन अब 70 से 80 सैंपल लिए जाएंगे। इसमें किसी तरह की ढील न बरतने के लिए कहा है। इतना ही नही लोगों को रैपिड टेस्ट की जगह आरटीपीसीआर टेस्ट करवाने की सलाह दी जा रही है। गौर रहे कि जिला में कोरोना वायरस से ग्रसित तीन मरीज हैं। लेकिन विभाग ने कोरोना के नए वेरिएंट को फैलने से रोकने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले के सभी सब सेंटर को अलर्ट किया गया है।

उधर, सीएमओ सोलन डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि जिला के अस्पतालों में कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दी अधिक होने से अस्पतालों में खांसी, जुकाम, बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। इसे देखते हुए कोरोना सैंपलिंग टेस्ट भी बढ़ा दिए हैं।