Loading...

जिला में निजी स्कूलों की मान्यता नवीनीकरण के लिए संचालक इस दिन तक करें आवेदन…..

PARUL 19 Feb 2024 Edited 19 Feb 1 min read

HNN/हमीरपुर

जिला हमीरपुर में निजी स्कूलों की मान्यता नवीनीकरण के लिए स्कूल संचालक 29 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। जिला के सभी निजी पाठशालाओं के सत्र 2024-25 के लिए मान्यता के नवीनीकरण और 2024-29 के लिए मान्यता के लिए आवेदन पूर्णत: ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार द्वारा यह जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि मान्यता के नवीनीकरण के लिए वेबसाइट एमर्जिंगहिमाचलडॉटएचपीडॉटजीओवीडॉटइन पर लॉगइन करना होगा। इसके उपरांत इनवेस्टर लॉगइन पर क्लिक करना होगा। प्री प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक वाले विद्यालयों को संबंधित बीईईओ को अपने आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन प्रेषित करने होंगे।

जबकि, प्राइमरी से आठवीं और छठी से आठवीं तक की कक्षाओं वाले विद्यालय को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को निर्धारित शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन प्रेषित करने होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 29 फरवरी है। उपनिदेशक ने कहा कि ऑनलाइन आवेदनों में त्रुटियां पाए जाने पर ये आवेदन ऑनलाइन ही वापस विद्यालय को भेज दिए जाएंगे।

त्रुटियों के निवारण के बाद इन्हें पुन: प्रेषित किया जा सकता है। सही आवेदनों को ऑनलाइन ही मान्यता पत्र व मान्यता नवीनीकरण पत्र जारी किए जाएंगे। सत्र 2024-25 में केवल वही विद्यालय विद्यार्थियों को दाखिला दे पाएंगे जिनके पास विभाग द्वारा मान्यता संबंधी प्रमाण पत्र होंगे। उन्होंने बताया कि मान्यता पत्र व मान्यता नवीनीकरण पत्र के बिना संचालित होने वाले विद्यालयों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पहली से पांचवीं तक की नई मान्यता के लिए 5000 रुपये, पहली से आठवीं कक्षा तक नई मान्यता के लिए दस हजार रुपये, छठी से आठवीं कक्षा तक नई मान्यता के लिए 5000 रुपये और पहली से आठवीं तक मान्यता के नवीनीकरण के लिए प्रतिवर्ष 500 रुपये की दर से शुल्क अदा करना होगा। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में संपर्क किया जा सकता है।