जिला शिमला में सभी आंगनवाड़ी केंद्र, कोचिंग संस्थान और नर्सिंग संस्थान 7 सितम्बर 2025 तक बंद रहेंगे
जिला शिमला में लगातार बारिश और भूस्खलनों की वजह से प्रशासन ने सभी सरकारी-निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, कोचिंग व नर्सिंग संस्थानों को 7 सितंबर तक बंद करने के आदेश दिए हैं।
शिमला
भारी बारिश से बिगड़े हालात
पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण शिमला जिले में भूस्खलन, पेड़ गिरने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी समस्याएं सामने आई हैं। इससे बिजली व पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
शिक्षण संस्थान बंद करने के आदेश
डिप्टी कमिश्नर शिमला अनुपम कश्यप (आईएएस) ने आदेश जारी करते हुए कहा कि 7 सितंबर तक सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आंगनवाड़ी केंद्र और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। इस दौरान केवल ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी।
शिक्षकों और कर्मचारियों को छूट
आदेश के अनुसार शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को भी संस्थानों में उपस्थित होने से छूट दी गई है। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न करने वाले संस्थानों या अधिकारियों पर आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

