जेएनवी पंडोह में छठी कक्षा के लिए इस दिन होगी प्रवेश परीक्षा….
HNN/मंडी
जिला मंडी में जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) पंडोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए 4 नवंबर को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। विद्यालय के प्राचार्य एसडी शर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है।
अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र को केंद्रीय माध्यमिक बोर्ड के ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। जिसके लिए अधिकारिक सूचना नवोदय विद्यालय की वेबसाइट पर भी साझा की गई है।
विद्यालय के प्राचार्य एसडी शर्मा ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा की इस बार दो तिथियां होने के संदर्भ में स्पष्ट किया कि शीतकालीन विद्यालयों के लिए परीक्षा 4 नवंबर को और ग्रीष्मकालीन विद्यालयों के लिए 20 जनवरी 2024 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है।
इसके तहत जिला मंडी के लिए यह चयन परीक्षा 4 नवंबर 2023 को ही होनी निश्चित हुई है। विद्यालय के प्राचार्य ने अभिभावकों और समस्त अध्यापकों से अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों को लेकर 4 नवंबर को प्रवेश पत्र में दिए गए परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के लिए पहुंचे।
अधिक जानकारी के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।