ऊना / जेजों मोड़–टाहलीवाल चौक लिंक रोड के स्तरोन्नयन को 48.69 करोड़ की मंजूरी, ऊना को बड़ी सौगात
ऊना जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना से औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल सहित ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
लगभग 17.50 किलोमीटर सड़क का होगा स्तरोन्नयन
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार ने जेजों मोड़ से टाहलीवाल चौक वाया भाई का मोड़ लिंक रोड के स्तरोन्नयन के लिए 48.69 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के अंतर्गत दी गई है, जिसके तहत करीब 17.50 किलोमीटर लंबे मार्ग को उन्नत किया जाएगा।
तीन महत्वपूर्ण पुलों का भी होगा निर्माण
परियोजना में पालकवाह, कांगड़ और बढ़ेडा में तीन अहम पुलों का निर्माण भी शामिल है। इससे सड़क की वहन क्षमता बढ़ेगी, यातायात सुरक्षा मजबूत होगी और क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम बनेगा।
औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह मार्ग लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रहा है। सड़क के उन्नयन से टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों को सुरक्षित, निर्बाध और बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।
आम जनता और अर्थव्यवस्था को मिलेगा फायदा
उन्होंने कहा कि सड़क के विकसित होने से आम नागरिकों को तेज़ और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही व्यापार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी, जबकि निर्माण और भविष्य के चरणों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
बुनियादी ढांचे को सर्वोच्च प्राथमिकता
उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। केंद्र सरकार के सहयोग से औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने का कार्य लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।