जेबीटी के चार पदों को स्पोर्ट्स कोटे से भरने के लिए आवेदन आमंत्रित

By PARUL Published: 16 Sep 2024, 10:44 AM | Updated: 16 Sep 2024, 10:44 AM 1 min read

HNN/ऊना

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में स्पोर्ट्स कोटा के तहत जेबीटी के चार पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्रता रखने वाले अभ्यर्थियों को 20 सितंबर से पहले प्रारंभिक शिक्षा विभाग उपनिदेशक कार्यालय ऊना में आवेदन करना होगा।

खेल विभाग ने 41 विभिन्न खेलों को स्पोर्ट्स कोटा की श्रेणी में नौकरी देने के लिए लिस्ट जारी की है। जेबीटी के चार पदों को भरने के लिए खेल विभाग ने चार श्रेणियों में से तीसरी और चौथी श्रेणी में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थी का नाम रोजगार कार्यालय में दर्ज होना अनिवार्य है और टेट की परीक्षा उत्तीर्ण की हो।

प्रारंभिक शिक्षा विभाग ऊना के उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल विभाग ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग उपनिदेशक कार्यालय ऊना को इस संदर्भ में अपने कार्यालय स्तर पर जेबीटी के चार पदों को खेल कोटे से भरने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र भी जारी किया है। उन्होंने बताया कि खेल कोटा की तीन और चार श्रेणियों में पात्रता रखने वाला अभ्यर्थी प्रारंभिक शिक्षा विभाग उपनिदेशक कार्यालय में शैक्षणिक दस्तावेजों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ 20 सितंबर से पहले आवेदन कर सकता है।

खेलों से संबंधित और आरएंडपी रूल से संबंधित जानकारी के लिए कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है या विभाग की वेबसाइट पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। पात्रता रखने वाले व्यक्ति को हिमाचल सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से तय किए गए मापदंडों के आधार पर अनुबंध पर नियुक्ति की जाएगी और जहां पर भी पहली नियुक्ति होगी, वहां पर चयनित अभ्यर्थियों को अपनी ज्वाइंनिंग देनी होगी। इस संदर्भ में भी एक अंडरटेकिंग कार्यालय को देनी होगी।