झिमीधार शनोल मेले का भव्य समापन, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दी विकास योजनाओं की सौगात
दौल-झिमिधार-सरवा सड़क पीएमजीएसवाई में होगी शामिल, 203 करोड़ की सड़क परियोजना व एम्बुलेंस रोड नीति का ऐलान
हिमाचल नाऊन्यूज, राजगढ़
माँ काली की पावन स्थली झिमीधार में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक शनोल मेले का बुधवार को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पच्छाद क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि दौल-झिमिधार-सरवा सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में शामिल किया जाएगा। इसके लिए विभाग को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि राजगढ़ क्षेत्र की 12 नई सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हैं, लेकिन निजी भूमि विभाग के नाम हस्तांतरित न होने से कार्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से भूमि की डीड जल्द विभाग के नाम करवाने का आग्रह किया।मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने नई एम्बुलेंस रोड नीति को मंजूरी दी है, जिसके तहत मुख्य सड़क से अधिकतम तीन किलोमीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी एम्बुलेंस सड़कें बनाई जाएंगी। इससे दूरदराज के गांवों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के साथ किसानों और बागवानों को भी अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हाब्बन क्षेत्र में पर्यटन और होम-स्टे की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें विकसित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। वहीं छैला-नेरीपुल-यशवंतनगर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए सीआरआईएफ के तहत 203 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बरसात के बाद सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और तीन नए पुलों के निर्माण का कार्य शुरू होगा। अधिकारियों को दो सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।विद्यालय भवन निर्माण की मांग पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व शनोल मेला समिति के प्रधान ओम सिंह ठाकुर ने क्षेत्र की विभिन्न मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। इस दौरान मंत्री ने मेला समिति को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।मेले में आयोजित कबड्डी एवं महिलाओं की रस्सा-कस्सी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जी.आर. मुसाफिर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, दयाल प्यारी, सुनील शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मंत्री का झिमीधार पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया।