Loading...

टिक्कर में माता के मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी, आरोपी गिरफ्तार

Ankita • 19 Jun 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

तीन पंचायतों के शिखर पर कालू नाग देवता के तीर्थ स्थल टिक्कर में माता के मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। टिक्कर माता के मंदिर से चोर सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर गए। यह माता का मंदिर ठियोग हलके की कंदरू, केलवी और भराणा पंचायत के लोगों की आस्था का प्रतीक है।

पहले भी इस मंदिर में चोरी हो चुकी है। चोर ने माता के सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किए है। अब इसे देवी का चमत्कार माने या कुछ और क्योंकि जब भी इस मंदिर में चोरी हुई तो चोर पकड़े गए हैं। पहली बार जब चोरी हुई, तो एक सप्ताह बाद पांच चोर पकड़े गए थे और चोरी का सामान भी बरामद किया गया था।

अब इस बार भी चोरी करने वाले को पुलिस ने पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया यह शातिर पहले भी इस मंदिर में चोरी के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस ने इस चोरी के मामले में राजेंद्र उर्फ टिंकू निवासी गांव रौणी डाकघर भराणा तहसील ठियोग उम्र 33 वर्ष को गिरफ्तार किया है।

बता दें कि ठियोग थाना में बीते शनिवार को मंदिर समिति नागा टिक्कर मंदिर के अध्यक्ष हीरा सिंह पुत्र लेफ्टिनेंट अनंत राम निवासी बाचू, डाकघर धर्मपुर, तहसील ठियोग ने शिकायत दी कि बीते 13 जून का उपरोक्त मंदिर का ताला टूटा हुआ पाया गया और मंदिर से सोने और चांदी के आभूषण चोरी हो गए।

शिकायतकर्ता ने गांव के ही एक व्यक्ति राजेंद्र संदेह जताया था। डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चोरी का आरोपी रिमांड पर है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।