टिप्पर की चपेट में आई 40 वर्षीय महिला, अस्पताल में भर्ती

By Ankita Published: 17 Dec 2023, 11:27 AM | Updated: 17 Dec 2023, 11:31 AM 1 min read

HNN/ ऊना

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे पेश आ रहे है। मामला जिला हमीरपुर के थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत नादौन-अंब मार्ग पर मानपुल गांव के पास का है, यहां एक महिला टिप्पर के पिछले टायर की चपेट में आ गई। जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हुई है।

घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। घायल महिला की पहचान 40 वर्षीय सीमा देवी पत्नी बदन सिंह निवासी जिला बदायूं उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने आरोपी टिप्पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सीमा देवी कहीं जा रही थी। इस दौरान जैसे ही वह नादौन-अंब मार्ग पर मानपुल गांव के पास पहुंची तो टिप्पर की चपेट में आने से बुरी तरह से जख्मी हो गई।

घटना के बाद महिला को उपचार के लिए नादौन अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बता दें सीमा देवी अपने पति के साथ दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करती थी।

Tags: