Loading...

ट्रेडिशनल योग में कोटड़ी व्यास स्कूल सिरमौर का सिरमौर बना, अंशिका ऊना में करेगी प्रतिनिधित्व

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 11 Oct 2025 • 1 Min Read

कोटड़ी व्यास स्कूल की छात्रा अंशिका ने जिला सिरमौर में आयोजित अंडर-19 माइनर गेम्स योग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता सराहा स्कूल में 8 अक्तूबर को संपन्न हुई, जिसमें विकासखंड कोटा के शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी व्यास की छह छात्राओं ने भाग लिया।

जिला प्रतियोगिता में छाया कोटड़ी व्यास स्कूल
इस प्रतियोगिता में अंशिका ने ट्रेडिशनल योग श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया और अब वह ऊना में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, आर्टिस्टिक सिंगल व पेयर रीदमिक श्रेणी में कृतिका और प्रीतिका ने दूसरा स्थान, कंचन ने दूसरा और दिव्यांशी व रितिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

एसडीएम ने विजेता टीम को किया सम्मानित
समापन समारोह में एसडीएम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और कोटड़ी व्यास टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों की उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल रहा।

प्राचार्य और कोच ने दी बधाई
विद्यालय के प्राचार्य रघुवीर तोमर व सभी शिक्षकों ने योगा टीम और उनके अभिभावकों को बधाई दी। कोच धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर अपना स्थान बनाया है।

स्कूल प्रबंधन और पंचायत ने दी शुभकामनाएं
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष मानसिंह, सदस्य सुमन, सर्वजीत, मुल्क राज, राजकुमार, इसराणा बेगम, स्टाफ ज्योति, शशि बाला, किरण, ओमप्रकाश, बलदेव सिंह, लेक्चरर चतर चौहान और उर्मिल शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को विशेष बधाई और स्टेट प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने भी बच्चों को उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।