ठियोग में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी स्विफ्ट कार, 3 लोगों की मौत
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला राजधानी शिमला के ठियोग उपमंडल के बलसन क्षेत्र का है, यहां एक स्विफ्ट कार गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में तीन लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा कार सवार एक व्यक्ति अभी भी लापता है। फिलहाल शवों की शिनाख्त नहीं हुई है। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि तीनों मृतक उत्तराखंड के रहने वाले है।
जानकारी के मुताबिक, चार लोग स्विफ्ट कार (UK07Z-9695) में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इस दौरान बलसन क्षेत्र में धनोट के बंधु ढांक के समीप कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में 4 लोग सवार थे। इसमें सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।
तीनों के शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि एक अभी भी लापता है। पुलिस ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है। स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को सड़क तक पहुंचाया गया है। ठियोग के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।