Loading...

डिजिटल फसल सर्वेक्षण में पंजीकरण कराएं किसान : कृषि उप निदेशक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 18 Dec 2025 • 1 Min Read

डिजिटल फसल सर्वेक्षण से किसानों को बीमा, मुआवजा और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। कृषि विभाग ने किसानों से सही जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की है।

सोलन

किसानों के हित में डिजिटल फसल सर्वेक्षण जरूरी

कृषि उप निदेशक सोलन डॉ. देव राज कश्यप ने जिला के किसानों से डिजिटल फसल सर्वेक्षण में अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण किसानों के लिए अनेक लाभ लेकर आएगा और भविष्य की कृषि योजनाओं की आधारशिला बनेगा।

बीमा, मुआवजा और योजनाओं में मिलेगा लाभ

डॉ. कश्यप ने बताया कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण के माध्यम से किसानों को फसल बीमा और मुआवजा प्राप्त करने में सुविधा होगी। इसके साथ-साथ बेहतर कृषि प्रबंधन, आदानों का न्यायसंगत उपयोग, स्मार्ट खेती, पारदर्शिता और दक्षता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य के लिए सटीक डाटाबेस तैयार होगा, जिससे पात्रता निर्धारण और लाभ वितरण में आसानी होगी।

खेतों की जानकारी जुटाएंगे सर्वेयर

उन्होंने बताया कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण के तहत सर्वेयर किसानों के खेतों में बोई गई फसलों, सिंचाई के तरीकों और अन्य आवश्यक जानकारियों को दर्ज करेंगे। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे सरकारी योजनाओं, अनुदान और फसल के उचित दाम प्राप्त करने के लिए सर्वेयर को सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।

वेबसाइट और पटवारी से संपर्क की सलाह

कृषि उप निदेशक ने कहा कि किसान डिजिटल फसल सर्वेक्षण से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट http://agriculture.hp.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से अपने क्षेत्र के पटवारी के संपर्क में रहने की भी अपील की है।