डिमन जोन कांग्रेस का केंद्र पर हमला, नीट विवाद से लेकर छात्रों पर कार्रवाई तक सरकार को घेरा
जी.आर. मुसाफिर बोले— युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगा सच
हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़ सिरमौर
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के डिमन जोन कांग्रेस की बैठक गुरुवार को नेई नेटी में जोन अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भुट्टो की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जी.आर. मुसाफिर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर असमंजस में है और सरकार उनकी चिंताओं का समाधान करने के बजाय सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।बैठक में नीट पेपर लीक प्रकरण और छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को प्रमुख मुद्दा बनाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों पर बल प्रयोग और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार जैसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
उन्होंने पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जी.आर. मुसाफिर ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं की मेहनत और सपनों के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
यदि परीक्षा प्रणाली पर ही सवाल खड़े होंगे तो युवाओं का विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था से उठ जाएगा। केंद्र सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पूरे मामले की पारदर्शी जांच करवानी चाहिए और दोषियों को कठोर सजा दिलानी चाहिए।उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जबकि सार्वजनिक संस्थानों के निजीकरण से आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
मुसाफिर ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश के हितों की भी लगातार अनदेखी की जा रही है और प्रदेश को मिलने वाली वित्तीय सहायता में कटौती जैसे फैसले विकास कार्यों को प्रभावित कर रहे हैं।बैठक में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई के लिए देश के युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी उठाई।
साथ ही कहा गया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं, किसानों और आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।बैठक में यह भी बताया गया कि डिमन जोन कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिला था, जिसके दौरान क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को उनके समक्ष रखा गया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, परीक्षा चौहान, मदन सिंह, जय प्रकाश, राम सिंह, रतन कश्यप, तारा दत्त, श्याम दत्त, बीडीसी सदस्य निशा ठाकुर, राजेश ठाकुर, संदीप कंवर, जीवन सिंह, बेली राम, वीरेंद्र बड़ोंठी, रोशन प्रधान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।