डीसी जतिन लाल ने युवाओं को दिए आईएएस बनने के टिप्स

By Ankita Published: 6 Aug 2024, 4:29 PM | Updated: 6 Aug 2024, 4:29 PM 1 min read

जिला प्रशासन ने ऊना कॉलेज में आयोजित किया विशेष मार्गदर्शन और काउंसलिंग सत्र

HNN/ ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ऊना जिला प्रशासन ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डिग्री कॉलेज ऊना में विशेष मार्गदर्शन और काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में उपायुक्त जतिन लाल ने स्वयं विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए बहुमूल्य टिप्स दिए।

उपायुक्त जतिन लाल ने विद्यार्थियों को विषय चयन, सिलेबस, और तैयारी की रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी दी। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने युवाओं का मनोबल बढ़ाया और परीक्षा से जुड़ी जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान भी किया। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य तय कर जुनून के साथ तैयारी करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा सिविल सेवा परीक्षा व्यक्ति के धैर्य की परख करती है। इसलिए सफलता के मार्ग पर गति से अधिक निरंतरता और सही दिशा में प्रयास आवश्यक है। दूसरों की नकारात्मक बातों में न आएं और फिटनेस पर ध्यान दें। इस सत्र के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए जतिन लाल ने कहा कि यूपीएससी परीक्षा को लेकर अक्सर युवाओं को कई महत्वपूर्ण जानकारियों का अभाव होता है, जिससे उन्हें अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

हमारा प्रयास है कि ऐसे आयोजनों से युवाओं का सही मार्गदर्शन हो और उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने आगे भी इस प्रकार के और सत्र आयोजित करने का आश्वासन दिया।