Loading...

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव में प्रस्तुति का अवसर, 26-27 नवंबर को होंगे ऑडिशन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन 26 और 27 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज अम्ब में आयोजित किए जाएंगे। कलाकार एसडीएम कार्यालय अम्ब में आवेदन जमा करवा सकते हैं। ऑडिशन के दोनों दिन मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। महोत्सव का आयोजन 4 से 6 दिसंबर तक प्रस्तावित है।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल ने बताया कि नामी कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों और पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी। अन्य इच्छुक कलाकार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर ऑडिशन में भाग ले सकेंगे। प्रशासन ने कलाकारों को आवेदन जमा करवाने के लिए एसडीएम कार्यालय के अलावा ऑडिशन स्थल पर भी सुविधा देने का निर्णय लिया है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का शुभारंभ मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से शुरू होकर अम्ब मेला मैदान तक पहुंचेगी। प्रशासन श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है, ताकि आयोजन के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन महोत्सव को बेहतर और सफल बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रहा है। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय लोगों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि महोत्सव की सफलता के लिए संबंधित विभागों, स्थानीय लोगों और आयोजन से जुड़े सभी पक्षों की सामूहिक भागीदारी एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।

Related Topics: •