डेरा बाबा रुद्रानंद धाम में महायज्ञ की पूर्णाहुति, मुकेश अग्निहोत्री ने की पूजा-अर्चना
डेरा बाबा रुद्रानंद धाम, नारी में आयोजित पंचभीष्म महापर्व एवं कोटि गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने डेरा के अधिष्ठाता श्री श्री 1008 वेदांताचार्य विद्यालंकार स्वामी हेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने डेरा बाबा रुद्रानंद धाम को उत्तर भारत का प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यह धाम सनातन संस्कृति, साधना और अध्यात्म की समृद्ध परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु ध्यान, साधना और आध्यात्मिक शांति के लिए पहुंचते हैं। इस धार्मिक स्थल ने अपनी विशिष्ट पहचान और गौरवशाली परंपरा को बनाए रखा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने ब्रह्मलीन स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज को नमन करते हुए कहा कि यह पवित्र धाम उनकी तपस्या, साधना और आशीर्वाद की विरासत है। उनके तप और समर्पण ने इस स्थान को श्रद्धा एवं आस्था के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि धाम की प्रतिष्ठा और आध्यात्मिक पहचान को आगे बढ़ाने में स्वामी हेमानंद जी महाराज का महत्वपूर्ण योगदान है। महायज्ञ की पूर्णाहुति में शामिल होना उनके लिए विशेष श्रद्धा का विषय है।

धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। पंचभीष्म महापर्व और कोटि गायत्री महायज्ञ जैसे आयोजन भारतीय सनातन परंपरा की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करते हैं। ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारे, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। इन परंपराओं का संरक्षण कर उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी का सामूहिक दायित्व है।
मुकेश अग्निहोत्री ने महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए डेरा प्रबंधन और आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करते हैं। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।

