Loading...

डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर जड़े आरोप, बोले- प्रदेशवासियों को दिया धोखा…

SAPNA THAKUR • 9 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

नाहन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप जड़े हैं। उन्होंने एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ वर्ष 2023 के प्रारम्भ में तीन बड़े धोखे किये हैं। उन्होनें कहा कि कांग्रेस ने पहला धोखा जनता की जरुरत पर खोले गए संस्थान बंद कर किया, जबकि दूसरा 3000 करोड़ रूपए कर्ज और तीसरा 3 रुपये लीटर डीजल पर वैट लगाया।

उन्होनें कहा कि आने वाले समय में जनता के साथ होने वाले धोखों की बौछार हो सकती है। डॉ बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को पहला महंगाई का तोहफा दिया। चुनावों में वोट मांगते समय महंगाई समाप्त करने का वायदा करते रहे, अभी मंत्रीमण्डल बना भी नहीं था कि डीजल का रेट 3 रुपये प्रति लीटर बढा दिया। डीजल का रेट बढने से समाज के हर वर्ग पर बोझ पडता है।

माला-भाडा बढता है तो हर चीज के दाम बढते हैं। वोट मांगते समय कांग्रेस पार्टी को प्रदेश के कर्ज की बहुत चिन्ता थी। अब 3000 करोड़ रुपये का कर्ज दो महीनों में लिया जाएगा। कांग्रेस के सत्ता में आते ही जनहित में खोले गए सैंकड़ों अस्पताल, तहसीलें, पटवार सर्कल, थाने, कार्यालय बंद कर दिए और कहा कि सरकार का पैसा बचाना है।

उन्होनें कहा कि अब सवाल यह खड़ा होता है कि दफ्तर, अस्पताल बंद करके पैसा बचाना है, कर्ज से पैसा इकट्ठा करना है या महंगाई बढा कर पैसा इकट्ठा करना है। यह सब पैसा किसके लिए इकट्ठा किया जा रहा है। ऐसा तो नहीं कि 70 लाख लोगों पर बोझ डाल कर चंद लोगों को लाभ देने की तैयार की जा रही हो।