Loading...

डॉ राजीव बिंदल बोले, कांग्रेस ने आपदा प्रभावित परिवारों को बदहाली में छोड़ा, न पुनर्वास की चिंता न आवास की व्यवस्था

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 25 Sep 2025 • 1 Min Read

सिरमौर

सेवा पखवाड़े में स्वास्थ्य शिविर और राहत वितरण
पांवटा ब्लाॅक के हरिपुर क्षेत्र में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हर प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई और मरीजों को मुफ्त औषधियां भी उपलब्ध करवाई गईं। इस अवसर पर 75 आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।

बिंदल का कांग्रेस सरकार पर निशाना
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आपदा प्रभावित परिवारों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हरिपुर खोल क्षेत्र के 16 परिवार एक महीने से विस्थापित होकर जीवन जी रहे हैं, लेकिन सरकार ने अब तक उन्हें राहत की एक फूटी कौड़ी भी उपलब्ध नहीं करवाई।

अन्याय और भेदभाव के आरोप
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिन परिवारों को कोई नुकसान नहीं हुआ, उन्हें 5-5 बीघा जमीन दे दी गई, जबकि जिनके मकान टूट गए और जमीनें धंस गईं, उनके पुनर्वास या आवास की कोई चिंता सरकार ने नहीं की। यह सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति अन्यायपूर्ण और भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है।

केंद्र की मदद और राज्य की विफलता
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश को आपदा राहत के लिए 6800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, लेकिन प्रदेश सरकार ने जनता को गुमराह करने का काम किया। डॉ. बिंदल ने सवाल उठाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा लिया गया 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज आखिर कहां खर्च हुआ।

जनता परेशान, सरकार व्यस्त
बिंदल ने कहा कि केंद्र द्वारा सड़कों, पेयजल परियोजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जारी हजारों करोड़ रुपये धरातल पर दिखाई नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और आपदा राहत के पैसों में भाई-भतीजावाद हावी है। जनता त्रस्त है जबकि सरकार विदेशी दौरों में व्यस्त है।