ड्रोन से मोहाली पहुंचेंगे मरीजों के खून के सैंपल
HNN / मंडी
हिमाचल प्रदेश में नववर्ष से एक और सुविधा शुरू होने जा रही है। इस सुविधा से मंडी और कुल्लू सिविल अस्पताल को काफी राहत मिलेगी। दरअसल, मंडी और कुल्लू सिविल अस्पताल में सरकार की ओर से अधिकृत क्रस्ना लैब में मरीजों के खून के सैंपल अब ड्रोन के माध्यम से मोहाली की लैब में जांच के लिए भेजने की कवायद शुरू हो गई है। क्रस्ना लैब के अधिकारियों ने सोमवार को निरीक्षण कर ड्रोन के सफल परीक्षण के लिए संभावनाएं तलाशीं।
जिसके बाद जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद आज औपचारिकता को पूरा कर ड्रोन से मोहाली में मरीजों के सैंपल पहुंचाने के ट्रायल शुरू होंगे। अगर यह ट्रायल सफल होता है तो इससे काफी राहत मिलेगी। इससे सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर से मंडी महज 35 मिनट में मरीजों के सैपल पहुंचा करेंगे। मौजूदा समय में सड़क के रास्ते डेढ़ से दो घंटे का समय लगता है।
लेकिन अब ड्रोन से एक बार में करीब 300 सैंपल पहुंचाए जा सकेंगे। पहले जहां सैंपल को पहुंचाने के लिए स्टाफ कर्मचारी की टीम दो पहिया व चार पहिया वाहनों के माध्यम से मंडी व मोहाली तक सैंपल लैब तक लाती थी, वहीं अब ड्रोन के माध्यम से इस कार्य को पूरा किया जाएगा।