तंबाकू मुक्त युवा अभियान 9 अक्तूबर से 8 दिसंबर तक चलेगा : उपायुक्त प्रियंका वर्मा

नाहन

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण के लिए गठित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। उपायुक्त ने बताया कि जिला सिरमौर में तंबाकू मुक्त युवा अभियान – 3.0 9 अक्तूबर से 8 दिसंबर 2025 तक शिक्षण संस्थानों में चलाया जाएगा ताकि जिला को तंबाकू मुक्त बनाया जा सके।

शिक्षण संस्थानों से होगी अभियान की शुरुआत
उन्होंने बताया कि 9 अक्तूबर को विद्यार्थियों की जागरूकता रैली के माध्यम से इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त कार्यालय नाहन से किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि प्रातः कालीन सभाओं में बच्चों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाए। साथ ही अभियान के दौरान निबंध लेखन, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएं।

सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान पर कार्रवाई के निर्देश
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत स्तर पर नुक्कड़ नाटक और जनजागरण बैठकों का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं और सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य योजना बनाकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।

कार्यालयों में लगेंगे नो टोबैको बोर्ड
उन्होंने सभी कार्यालयों में ‘तंबाकू सेवन न करें’ के साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि इस 60 दिवसीय अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर हर गांव को तंबाकू मुक्त बनाना है। इस अवसर पर समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।