ताज़ा बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, 134 सड़कों पर यातायात ठप

Fresh-snowfall-affected-lif.jpg

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी होने से एक बार फिर जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी बर्फबारी के कारण एक तरफ जहां 100 से अधिक सड़कों पर वाहनों के पहिए थम चुके हैं तो वहीं कई ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हुए हैं। इसके साथ ही पेयजल योजनाएं भी बुरी तरह से प्रभावित हुई है जिससे लोगों के नल में जल नहीं आ रहा है।

सड़क, बिजली और पानी की सुविधा ना होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दे कि वीरवार के बाद शुक्रवार को भी प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी रहा। ताजा बर्फबारी होने से लाहौल को जोड़ने वाला मनाली-लेह मार्ग और नेशनल हाईवे-305 समेत 134 सड़कों पर वाहनों के पहिये थम गए है। इनमें 121 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। प्रदेश भर में 23 ट्रांसफार्मर, सात पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।