तीन दिनों से लगातार ब्रेकडाउन हो रही सराहां-मेंहदोबाग-नाडब खोजर बस
परिचालक ना तो किराया करते हैं वापिस, ना ही निगम प्रबंधन करता है दूसरी बस की व्यवस्था
HNN/नाहन
जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के घिनीघाड में एचआरटीसी की बस लगातार तीन दिनों से ब्रेकडाउन हो रही है। एचआरटीसी की यह बस सराहां बस स्टैंड से मेंहदोबाग-नैनाटिक्कर होते हुए नाडब खोजर तक जाती हैं। यह बस 10 पंचायत से होकर गुजरती है। यह बस इस रूट की एकमात्र निगम की बस सेवा है। यह बस पिछले तीन दिनों से लगातार ब्रेकडाउन हो रही है।
वीरवार शाम को सराहां मेंहदो बाग नाडब खोजर जाते हुए बस मलाना गांव के समीप बस के तीन पट्टे टूट गए। बुधवार को बस नाडब खोजर में ही पूरा दिन ब्रेक डाउन रही। इससे पहले मंगलवार को बस मेंहदो बाग के समीप ब्रेकडाउन हुई। बता दें कि यह बस सेवा 10 पंचायत के लोगों को बस सुविधा प्रदान करती है।
इस रूट पर चलने वाली यह हिमाचल पथ परिवहन निगम की एकमात्र बस सेवा में लोगों के साथ-साथ स्कूल की विद्यार्थी भी अपडाउन करते हैं। वीरवार शाम को बस के यात्रियों रमन ठाकुर, अखिल, देवदत्त, धर्मसिंह, निर्मला देवी, पूजा देवी, रूपराम, रामस्वरूप, प्रेम दत्त, लक्ष्मीकांत, अमन, अमृत, सीमा देवी, शशि, तरुण, अरुण, दिनेश, आत्माराम और सुनील ने बताया कि इस रूट की यह बस अक्सर खराब रहती है।
एचआरटीसी के कंडक्टर ना तो बस खराब होने पर लोगों का किराया वापिस करते हैं ना निगम की ओर से दूसरी बस भेजी जाती है। लोगों को मजबूरन कई कई किलोमीटर पैदल ही सफर करना पड़ता है। यह यह पहला मामला नहीं है, जब बस खराब हुई है।
उधर, इस संदर्भ में जब एचआरटीसी नाहन डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि बस के तीन पट्टे टूट गए हैं, रात तक बस को ठीक करवा कर शुक्रवार से नियमित रूप से रूट पर चलाए जाएगा।