तीन मार्च को धर्मशाला पहुंच जाएंगी भारत-इंग्लैंड की टीमें, 3 दिन करेंगी अभ्यास
HNN/ धर्मशाला
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच 7 मार्च से है। टेस्ट मैच के लिए भारत और इंग्लैंड की टीमें तीन मार्च को धर्मशाला पहुंच जाएंगी। टीमों के ठहरने के लिए क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद दोनों टीमें स्टेडियम में तीन दिन अभ्यास करेंगी।
बता दें दोनों टीमें होटल रेडिसन ब्लू में ठहरेंगी। स्टेडियम में आने वाले दर्शकों की पार्किंग स्थलों की नंबरिंग की जाएगी और वहां जाने के लिए दिशा सूचक भी लगाएं जाएंगे। इसके अलावा स्टेडियम में बाद टिकट ब्रिकी के लिए ऑफलाइन टिकट काउंटर भी लगाए जाएंगे ताकि दर्शक यहां पर भी टिकट ले सके।
उधर, एचपीसीए की ओर से स्टेडियम में चल रहे कामों को एक मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भारत-इंग्लैंड टेस्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस विभाग भी तैयारियों में जुट गया है।