Loading...

तीन राज्यों के उपचुनाव परिणाम: बिहार में जन सुराज का ऐतिहासिक आगाज, दतिया में कांग्रेस और मांजलपुर में भाजपा की जीत

Shailesh Saini • 4 Aug 2026 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नई दिल्ली

नई दिल्ली देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित हो गए। इन परिणामों में बिहार की बांकीपुर सीट सबसे ज्यादा चर्चा में रही, जहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पार्टी का पहला विधानसभा खाता खोल दिया। वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की।

बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों से पराजित किया। प्रशांत किशोर को 64,151 वोट, जबकि नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले। राजद की रेखा कुमारी 14,273 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद रिक्त हुई थी। पिछले लगभग तीन दशक से इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा था। चुनावी राजनीति में उतरने के बाद प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी की यह पहली और ऐतिहासिक जीत मानी जा रही है।

वहीं मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराकर सीट पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार रखा। शुरुआती दौर में भाजपा बढ़त पर थी, लेकिन बाद के राउंड में कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। दतिया सीट पर इस बार 71.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उधर गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराया। सतीश पटेल को 55,481 वोट, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 24,851 वोट मिले। इस सीट पर 2,247 मतदाताओं ने नोटा (NOTA) का भी विकल्प चुना।

तीनों राज्यों के उपचुनाव परिणामों ने अलग-अलग राजनीतिक संदेश दिए हैं। बिहार में जन सुराज की पहली जीत ने राज्य की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है, जबकि मध्य प्रदेश में कांग्रेस और गुजरात में भाजपा ने अपनी-अपनी सीटों पर मजबूत पकड़ बनाए रखी है।

Related Topics: