चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में मंडियाघाट स्कूल की तीन शानदार उपलब्धियां
लक्ष्मी ठाकुर ने जूनियर साइंस मॉडल में झटका प्रथम स्थान, हर्षिता शर्मा द्वितीय और सत्यम शर्मा मैथ्स ओलंपियाड में रहे तृतीय
हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़ सिरमौर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडियाघाट के होनहार विद्यार्थियों ने उपमंडलीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दीदग में आयोजित विज्ञान कांग्रेस में विद्यार्थियों ने जूनियर साइंस मॉडल, सीनियर साइंस मॉडल और सीनियर मैथ्स ओलंपियाड में अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा।प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के साइंस मॉडल में लक्ष्मी ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं सीनियर वर्ग के साइंस मॉडल में हर्षिता शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सीनियर वर्ग के मैथ्स ओलंपियाड में सत्यम शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ दी।तीनों विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
गणित अध्यापक दिनेश शर्मा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों ने कम समय में कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता की तैयारी की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के परिश्रम के साथ अध्यापकों के मार्गदर्शन ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी शर्मा ने तीनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में अध्यापकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
तीनों विद्यार्थियों का आगामी प्रतियोगिता के लिए चयन भी हुआ है। विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।