तीसरे दिन भी आवाजाही बंद, बजौरा से झीड़ी तक लगी वाहनों की लंबी कतारें
HNN/ कुल्लू
जिला कुल्लू की संपर्क सड़कें और हाईवे अभी तक बहाल नहीं हुए है। बजौरा से झीड़ी तक वाहनों की लंबी लंबी कतारें लगी हुई है। चालकों को वाहनों में ही रातें गुजारनी पड़ रही हैं। जानकारी के मुताबिक, तीसरे दिन शुक्रवार को भी कुल्लू का संपर्क शेष दुनिया से कटा रहा। मंडी से कुल्लू को जोड़ने वाली कुल्लू-पंडोह, बजौरा-कमांद सड़क अभी तक बहाल नहीं हो पाई है।
बजौरा से लेकर झीड़ी के बीच सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। बजौरा में सड़क किनारे कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइनें लगी हैं। शुक्रवार को बजौरा में वाहन चालक सड़क बहाल होने का इंतजार करते रहे लेकिन शाम तक सड़क बहाल नहीं हो पाई। आवाजाही न हो पाने के कारण आवश्यक सामान की आपूर्ति भी जिले में नहीं हो पाई है।
दूध, ब्रेड, अंडा आदि जरूरी सामान का स्टॉक भी खत्म होने लगा है। उधर, एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि कुल्लू-पंडोह व बजौरा-कमांद सड़कें भारी बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसलिए ये दोनों मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं है। संबंधित विभाग मार्गों की मरम्मत और यातायात बहाल करने के लिए दिन-रात युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।