Loading...

VIDEO / तीसा अस्पताल में डॉक्टर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप, वीडियो वायरल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Oct 2025 • 1 Min Read

तीसा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के दुर्गम क्षेत्र तीसा के सिविल अस्पताल में एक डॉक्टर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगा है। अढ़ाई साल की बीमार बच्ची की मां ने डॉक्टर के खिलाफ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला रोते हुए डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।

रात 11:30 बजे अस्पताल पहुंची महिला
जानकारी के अनुसार, तीसा निवासी महिला बीती रात करीब 11:30 बजे अपनी बीमार बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची। उस समय नाइट ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कुलभूषण मौके पर मौजूद नहीं थे। ड्यूटी नर्स ने डॉक्टर को फोन पर बच्ची की स्थिति बताई। आरोप है कि डॉक्टर ने बिना जांच किए दवाइयां लिखवा दीं। जब महिला ने इस पर आपत्ति जताई तो डॉक्टर ने कथित रूप से फोन पर अभद्र टिप्पणी की, जिसे महिला ने सुन लिया।

वीडियो में महिला ने मांगी सख्त कार्रवाई
महिला ने वीडियो में कहा कि जब डॉक्टर को नींद इतनी प्यारी थी तो उन्हें नीट परीक्षा पास ही क्यों करनी थी। उसने कहा कि बच्ची की हालत गंभीर थी, और ऐसे समय डॉक्टर द्वारा अशोभनीय भाषा का प्रयोग बेहद अपमानजनक है। महिला ने मांग की कि डॉक्टर के खिलाफ सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल जांचकर कार्रवाई की जाए।

बीएमओ ने दी सफाई, विधायक ने मांगा निलंबन
बीएमओ तीसा डॉ. ऋषि पुरी ने बताया कि डॉ. कुलभूषण नाइट ड्यूटी पर थे, लेकिन जब मरीज आया तो वह अपने कमरे में खाना खा रहे थे। उन्होंने नर्स से फोन पर ही बात की थी, मरीज की मां से नहीं। डॉ. पुरी ने कहा कि अगर महिला लिखित शिकायत देती है तो जांच करवाई जाएगी। वहीं, चुराह के विधायक हंसराज शर्मा ने इस घटना को शर्मनाक बताया और संबंधित डॉक्टर को तत्काल सस्पेंड करने की मांग की है।