तेंदुए की दस्तक से क्षेत्र में दहशत का माहौल, लोगों का घरों से बाहर निकलना हुआ मुश्किल
HNN/ हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में तेंदुए ने दस्तक दी है। चहलकदमी करता हुआ तेंदुआ सीसीटीवी में कैद हुआ है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने इस बाबत वन विभाग को सूचित किया है।
तेंदुए की दस्तक से क्षेत्र के लोगों ने जल्द ही तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई है। बता दें मामला जिला हमीरपुर के अवाहदेवी बाजार का है, यहां सीसीटीवी में रात को करीब 12 बजे तेंदुए को बेखौफ घूमता हुआ देखा है। तेंदुए की दस्तक से लोगों का उनके घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
हालांकि तेंदुए ने अभी तक क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति पर हमला नहीं किया है, ना ही किसी पालतू जानवर को अपना शिकार बनाया है। गौर है कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से अवाहदेवी क्षेत्र के जंगलों में डेरा बनाया हुआ है तथा शाम ढलते ही तेंदुआ बाजार के आसपास पहुंच जाता है।