तेज रफ्तार स्कूटी ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, घायल
HNN/ऊना
जिला ऊना के संतोषगढ़ में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक अज्ञात स्कूटी चालक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति घायल हो गया है। घायल की पहचान रणधीर सिंह निवासी वार्ड-5 संतोषगढ़ के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणधीर सिंह शाम के समय साइकिल पर सवार होकर निजी काम के चलते वकील के घर जा रहा था। इसी दौरान जब वह वकील के घर की ओर मुड़ने लगा तो वीरभद्र चौक संतोषगढ़ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे मे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए ऊना अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। तो वहीं आरोपी स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया है।
घायल के बड़े भाई प्रताप सिंह ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।