चिंतपूर्णी विधायक ने की शिरकत, बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम ने मोहा मन
चिंतपूर्णी
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की उप-तहसील जोल के अंतर्गत “दा प्रेजिडीयम” सीनियर सेकेंडरी विद्यालय चौकीमन्यार में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन कुमार बबलू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक तरुण शर्मा ने विधायक को टोपी और शॉल पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी संस्था छात्रों को न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रही है, बल्कि विदेशों से शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है।
प्रधानाचार्य जुबीना लखनपाल ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और छात्रों की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह के दौरान छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। देशभक्ति गीत, पंजाबी भांगड़ा, गिद्दा, पहाड़ी नृत्य और अन्य रंगारंग कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे।
मुख्य अतिथि विधायक सुदर्शन बबलू ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना की और छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए उनकी ऊर्जा और जज्बे की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता से माता-पिता और शिक्षकों को गर्व महसूस होता है। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के महानिदेशक सतपाल शर्मा, महाप्रबंधक वरुण शर्मा, कर्नल रघुवीर सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत उपप्रधान जीवन कुमार शर्मा, और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिका सुप्रिया बन्याल ने किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों और विद्यालय की प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।

