दिल्ली के द्वारका में अपार्टमेंट में भीषण आग , बच्चों संग छलांग लगाने से पिता समेत तीन की मौत
दिल्ली
ऊपरी मंजिल पर आग से मची अफरा-तफरी, फ्लैट से कूदे तीनों की मौके पर मौत
फ्लैट में भीषण आग लगने से मचा हड़कंप
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित ‘सबद अपार्टमेंट’ की ऊपरी मंजिल पर सोमवार सुबह एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस दौरान एक व्यक्ति अपने दो छोटे बच्चों के साथ जान बचाने के लिए फ्लैट से कूद पड़ा, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दमकल विभाग को सुबह 10:01 बजे मिली सूचना
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सुबह 10 बजकर 1 मिनट पर कॉल की गई, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इमारत की ऊपरी मंजिल से उठती आग की लपटें साफ देखी जा सकती हैं, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया।
राहत-बचाव में जुटी दमकल की आठ गाड़ियां
दमकल विभाग ने मौके पर तेजी से प्रतिक्रिया देते हुए आठ फायर टेंडरों को रवाना किया। फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने की लगातार कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि अफवाहों से बचा जाए और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने उठाए लापरवाही के आरोप
इस घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बिल्डिंग की कमेटी पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आग लगने की सूचना मिलने के बावजूद कमेटी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे जानमाल का नुकसान हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और फायर डिपार्टमेंट का आधिकारिक बयान आना बाकी है।