Loading...
una

दीवाली पर्व पर कानून व यातायात व्यवस्था चाक चौबंद रखने को लेकर तहसीलदार ने ली बैठक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Oct 2025 • 1 Min Read

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

दीपावली पर्व के दौरान ऊना शहर में कानून व्यवस्था और यातायात सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से तहसीलदार ऊना विपन कुमार ने वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने संबंधित नगर परिषदों को निर्देश दिए कि बाजारों में दुकानदारों द्वारा सड़कों पर अतिक्रमण न किया जाए और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

अवैध पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई
तहसीलदार ने कहा कि पुलिस विभाग रेड लाइट चौक से लेकर पुराना बस अड्डा और हमीरपुर रोड तक के क्षेत्र में यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी वाहन अनाधिकृत रूप से सड़क पर खड़ा न किया जाए ताकि आम जनता को यातायात में परेशानी न हो।

पटाखों की बिक्री के लिए तय किए गए स्थान
उन्होंने बताया कि नगर परिषद ऊना, संतोषगढ़ और मैहतपुर-बसदेहड़ा क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थान तय किए गए हैं।

  • नगर परिषद ऊना के तहत रामलीला ग्राउंड ऊना
  • नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के तहत एमसी कार्यालय मैहतपुर के सामने ग्राउंड
  • नगर परिषद संतोषगढ़ के तहत रामलीला मैदान संतोषगढ़
    इन स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री की अनुमति दी जाएगी।

ग्रीन पटाखों के लिए सुरक्षा दिशा-निर्देश
तहसीलदार विपन कुमार ने ग्रीन पटाखों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी पटाखों को गैर-ज्वलनशील सामग्री से बने शेड में रखा जाए और शेड आपस में कम से कम तीन मीटर की दूरी पर हों। शेडों के अंदर तेल या गैस लैंप का उपयोग सख्त रूप से वर्जित रहेगा। हर दुकान में दीवार से सटे स्विच और प्रत्येक पंक्ति के लिए एक मास्टर स्विच अनिवार्य होगा।

आग सुरक्षा के लिए की गई विशेष तैयारी
उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक आगजनी से निपटने के लिए दुकानों में पर्याप्त मात्रा में पानी, फायर एक्सटिंग्यूशर और रेत से भरी बाल्टियाँ रखी जाएँ। बिना लाइसेंस के ग्रीन पटाखों का भंडारण या बिक्री सख्ती से प्रतिबंधित है।

बैठक में रहे कई अधिकारी मौजूद
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना सुरेंद्र कौंडल, उप अग्निशमन अधिकारी सुरेश कुमार, बीडीओ कार्यालय से निशा गुप्ता, सफाई पर्यवेक्षक विजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।