दुकान के विवाद को लेकर व्यक्ति से की मारपीट, 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
HNN/ऊना
जिला ऊना में थाना सदर के तहत संतोषगढ़ में एक दुकान के विवाद को लेकर व्यक्ति से मारपीट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता की पहचान प्रतीक कुमार निवासी वार्ड-6 संतोषगढ़ तहसील व जिला ऊना के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, संतोगढ़ में प्रतीक कुमार की दुकान है। उसके पिता प्राण नाथ कौशल रोजाना की तरह दुकान में बैठे थे। इस दौरान दुकान पर पूर्णचंद, उसका बेटा प्रवेश कुमार, पुष्पराज और उसका बेटा प्रणव घेडिया व एक अन्य आरोपी दुकान पर आकर गाली-गलौज करने लगे। तभी जब प्रतीक कुमार दुकान पर पहुंचा तो उसने आरोपियों से शांति से बैठकर बात करने को कहा। लेकिन आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरु कर दी।
इतना ही नहीं आरोपियों ने उनकी दुकान का ताला तोड़ दिया और सामान बाहर फेंक दिया। जबकि इस दुकान पर स्टे है। काफी समय से दुकान पर उनका कब्जा है और मामला अदालत में चल रहा। जिसके पीड़ित प्रतीक कुमार ने पुलिस थाना में पाँचों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। एएसपी संजीव भाटिया द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।