देश का ‘स्पोर्ट्स पावर हाउस’ बना हरियाणा, खिलाड़ियों को मिल रही विश्वस्तरीय सुविधाएं: नायब सैनी
हिमाचल नाऊ न्यूज नई दिल्ली।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा आज देश का ‘स्पोर्ट्स पावर हाउस’ बन चुका है। प्रदेश की आबादी देश की कुल आबादी का लगभग दो प्रतिशत होने के बावजूद ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।मुख्यमंत्री गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित स्पोर्ट्स फिटनेस एंड इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे।नायब सैनी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि खेल, फिटनेस और आधुनिक खेल अवसंरचना के क्षेत्र में नए भारत के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम बन चुके हैं।
प्रदेश की खेल संस्कृति और खिलाड़ियों का जज्बा ही हरियाणा को देश की अग्रणी खेल शक्ति बनाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध करा रही है। ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 6 करोड़ रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जा रहा है।
पिछले 12 वर्षों में हजारों खिलाड़ियों को सैकड़ों करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। साथ ही युवा खिलाड़ियों के लिए मासिक छात्रवृत्ति की व्यवस्था भी की गई है।उन्होंने कहा कि एक्सपो में हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ-साथ राज्य का खेल मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है, जिससे अन्य राज्यों को भी प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत आने वाले वर्षों में वैश्विक खेल महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।