देश के कृषि विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी सीपीआरआई शिमला में ले सकेंगे प्रशिक्षण
HNN/ शिमला
कृषि विश्वविद्यालयों के आईसीएआर के साथ अंब्रेला एमओयू के तहत केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआई) में देश के सरकारी कृषि विश्वविद्यालयों के छात्राें को निशुल्क प्रशिक्षण और शोध की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इतना ही नहीं कृषि विश्वविद्यालयों के छात्रों को उनके संबंधित कोर्स की ट्रेनिंग करने की सुविधा भी सीपीआरआई में मिलेगी।
बता दें शोधार्थी सीपीआरआई में उपलब्ध बायोटेक्नोलॉजी लैब और माइक्रोस्कोप का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। जानकरी के मुताबिक, सीपीआरआई की लैब में विशेष प्रकार के माइक्रोस्कोप उपलब्ध हैं जो अन्य संस्थानों में आसानी से नहीं मिलते। इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज के डॉक्टर भी अपने शोध के लिए सीपीआरआई आकर इन माइक्रोस्कोप का इस्तेमाल करते हैं।
सरकारी संस्थान होने के चलते इन्हें आसानी से अनुमति मिल जाती है। देश के तीन केंद्रीय, 4 डीम्ड और 64 राज्य कृषि विश्वविद्यालय के छात्रों को सीपीआरआई में प्रशिक्षण और शोध की मुफ्त सुविधा मिलेगी हालांकि निजी विश्वविद्यालयों को इसके लिए फीस चुकानी होगी।