देहरा में निगरानी दल ने गाड़ी से पकड़ा 2.18 लाख का कैश
HNN/ कांगड़ा
देहरा निर्वाचन क्षेत्र में विधानसभा उपचुनावों के दृष्टिगत प्रत्येक चुनावी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। रिटर्निंग अधिकारी व एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि शनिवार को देहरा के कनोल में स्टेटिक सर्वेलांस टीम द्वारा एक गाड़ी से 2 लाख 18 हजार रूपये कैश पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि डॉ. नवीन कुमार और एएसआई राकेश कुमार की टीम ने कनोल नाके में इस कैश को पकड़ा। एसडीएम ने बताया कि कनोल चेक पोस्ट पर निगरानी दल द्वारा पकड़े गए इस कैश को जब्त कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी वाले के पास नकद का कोई वैध दस्तावेज नहीं था तथा मामले में आगे तफ्तीश जारी है। एसडीएम ने बताया कि देहरा निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के लिए चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विभिन्न निगरानी टीमें तैनात की गई हैं।