Loading...

देहरा में विहिप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, बिना पंजीकरण रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

NEHA • 19 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/काँगड़ा

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) संगठनात्मक जिला देहरा के सदस्यों ने देवभूमि संघर्ष समिति के आह्वान पर प्रदेशभर में हिंदू समाज जागरूक करने के अभियान के तहत शहर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मिनी सचिवालय में प्रशासन को ज्ञापन सौंपने से पहले हनुमान चालीसा पाठ किया। विहिप के विभाग सत्संग प्रमुख पवन बजरंगी ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की गई है कि देवभूमि हिमाचल में बाहरी क्षेत्रों से बिना पंजीकरण रह रहे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

पवन बजरंगी ने दावा किया कि पिछले लगभग दो दशकों के दौरान बाहरी राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में एक विशेष समुदाय के लोग यहां लाकर बसाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की जनसांख्यिकी में षड्यंत्र पूर्वक परिवर्तन करने के प्रयास हैं। उन्होंने सरकार से इस पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

इस प्रदर्शन में सुशील शर्मा, मनोज शर्मा और जसबीर गुलेरिया सहित कई अन्य विहिप कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विहिप ने सरकार से अपील की है कि वह देवभूमि हिमाचल प्रदेश की पहचान एक शांतिप्रिय और सांप्रदायिक सद्भाव वाले सुंदर राज्य के तौर पर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।